पाथाखेड़ा क्षेत्र में 52 वर्षों से कोल मजदूरों की आवाज बुलंद करता आ रहा है लाल झंडा एटक यूनियन - डॉ कृष्णा मोदी
सारनी। (गणतंत्र वार्ता)पाथाखेड़ा क्षेत्र के वयोवृद्ध नेता जो पिछले 67 वर्षों से ट्रेड यूनियन एटक का नेतृत्व करते रहे है। एटक राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राज्य अध्यक्ष से लेकर कोल इंडिया लिमिटेड के जेबीसीसीआई कमेटी, मध्य प्रदेश सरकार के न्यूनतम वेतन एवं श्रम कल्याण कमेटी के अनेकों बार सदस्य रहे चुके 96 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी डॉ कृष्णा मोदी बताते है कि अंतराष्ट्रीय मजदूर दिवस की शुरुआत एक मई 1886 को अमेरिका के शिकागो में एक आंदोलन से हुई थी। इस आंदोलन के दौरान अमेरिका में मजदूर काम करने के लिए 8 घंटे का समय निर्धारित किए जाने को लेकर आंदोलन पर चले गए थे। 1 मई 1886 के दिन मजदूर लोग रोजाना 15-15 घंटे काम कराए जाने और शोषण के खिलाफ पूरे अमेरिका में सड़कों पर उतर आए थे। इस दौरान कुछ मजदूरों पर पुलिस ने गोली चला दी थी जिसमें कई मजदूरों की मौत हो गई और 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इसके बाद 1889 में अंतर्राष्ट्रीय समाजवादी सम्मेलन की दूसरी बैठक में एक प्रस्ताव पारित किया गया जिसमें यह ऐलान किया गया कि 1 मई को अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के रूप में मनाया जाएगा और इस दिन सभी कामगारों और श्रमिकों का अवकाश रहेगा। इसी के साथ भारत सहित दुनिया के तमाम देशों में काम के लिए 8 घंटे निर्धारित करने की नींव पड़ी।
भारत में मजदूर दिवस की शुरुआत
भारत में मजदूर दिवस की शुरुआत चेन्नई में 1 मई 1923 में हुई। भारत में लेबर किसान पार्टी ऑफ हिन्दुस्तान ने 1 मई 1923 को मद्रास में इसकी शुरुआत की थी। यही वह मौका था जब पहली बार लाल रंग झंडा मजदूर दिवस के प्रतीक के तौर पर इस्तेमाल किया गया था। यह भारत में मजदूर आंदोलन की एक शुरुआत थी जिसका नेतृत्व वामपंथी व सोशलिस्ट पार्टियां कर रही थीं। दुनियाभर में मजदूर संगठित होकर अपने साथ हो रहे अत्याचारों व शोषण के खिलाफ आवाज उठा रहे थे।
गुलामी की जंजीरों से मजदूरों को बांध रही है केंद्र सरकार
मौजूदा सरकार फिर से अंग्रेजो के ज़माने के नियम लागू करने की ओर तेजी से काम कर रही है जैसे काम के घंटो को 8 से 12 घंटे किए जा रहे है , तय किए वेतन, सामाजिक सुरक्षा आदि सवालों को पूरा नहीं करने का प्रस्ताव पारित कर देश के मजदूरों के साथ बेईमानी कर रही है। 1 मई को हम सभी एकत्रित होकर अमेरिका के शिकागो के शहीद हुए लोगो को याद कर एकता को मजबूत बनाए। यही मेरी श्रमिको एवं अन्य सहयोगी नागरिकों से अपील है।
0 Comments